रायपुर बरगढ़ रेल निर्माण के मांग को लेकर आज हुई बैठक में अनेक... - CG Sandesh

रायपुर बरगढ़ रेल निर्माण के मांग को लेकर आज हुई बैठक में अनेक निर्णय, कल 4 को एक प्रतिनिधि मंडल बरगढ़ सांसद से मिलने संबलपुर जायेगा.

आगामी दिनों महासमुन्द सांसद व विधायको से समर्थन के लिये मिलेंगे । 

सरायपाली :--वर्षो पुरानी रायपुर से बरगढ़ रेल लाईन की मांग के लिए आज सोहेला , बरगढ़ , सरायपाली , बसना के रेल उपभोक्ता संघ , सामाजिक संगठनों से जुड़े सदस्यो व पत्रकारो की एक औपचारिक प्रथम बैठक सरायपाली में "रायपुर बरगढ़ रेलवे लाइन निर्माण संघर्ष समिति " के बैनर तले रखी गई जिसमें अनेक विषयों पर चर्चा की गई । प्रथम प्रयास के तहत सरायपाली , सोहेला व बरगढ़ से एक प्रतिनिधि मंडल कल सोमवार को बरगढ़ सांसद से मुलाकात करने संबलपुर जा रहा है । वही छत्तीसगढ़ रेल्वे कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निर्देशक श्री संजय रस्तोगी के अनुसार बागबाहरा से बरगढ़ रेल लाइन को तकनीकी दृष्टिकोण से स्वीकृति दी है ।

आज हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महासमुन्द जिले के सभी सामाजिक , राजनैतिक , धार्मिक ,व्यापारिक संघ व संगठनों से मुलाकात कर उनसे समर्थन मांगा जायेगा । उसके पश्चात जिले के सभी चारों विधायकों व सांसद से मुलाकात कर जनहित व विकास को देखते हुवे उन्हें जानकारी देकर समर्थन पत्र लिया जाएगा । सभी को इस रेल लाईन निर्माण से होने वाली सुविधाओं व भविष्य में होने वाले व्यापारिक , औधोगिक , शिक्षा व अन्य विषयों से होने वाले लाभों से अवगत कराया जाएगा ।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी चारो विधायक व सांसद को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री श्री भुपेश बघेल से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपकर केंद्र व रेलवे मंत्रालय तक पत्र लिखकर इस रेलवे लाईन निर्माण के लिये अनुरोध किया जाएगा । वही छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधायकों द्वारा व लोकसभा में सांसद महोदय द्वारा इस विषय को उठाये जाने की मांग भी की जाएगी व प्रश्न भी लगवाए जाने की अपील की जाएगी ।

रायपुर से बरगढ़ रेलवे लाइन के लिए इस क्षेत्र के नागरिकगण 1962 से लगातार मांग करते आ रहे है । इस बीच कांग्रेस विधायक डॉ हरिदास भारद्वाज द्वारा विधानसभा में निजी संकल्प पत्र पेश किया गया था । महासमुन्द के पूर्व सांसद श्री चंदूलाल साहू व वर्तमान सांसद श्री चुन्नीलाल साहू द्वारा भी रेल लाइन हेतु मांग की गई हैं । आगामी 15 नवंबर के पूर्व तक सभी से समर्थन पत्र लेकर रेल मंत्री को सौपा जायेगा । आगामी बैठक में जिले के सभी जनों को आमंत्रित किया जाकर आंदोलन में शामिल किया जायेगा ।

इसके साथ ही नगर के व्यापारी संघ , सामाजिक संगठनों व आम जनता द्वारा पूर्व में दिये गये ज्ञापन के संबंध में छत्तीसगढ़ रेलवे कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निर्देशक श्री संजय रस्तोगी ने अवर सचिव , वाणिज्य व उद्योग विभाग छत्तीसगढ़ शासन को 19/2/2018 को लिखे पत्र में कहा है कि बागबाहरा से बरगढ़ रेलवे लाईन को तकनीकी रूप से संभव प्रतीत होता है । उस प्रस्ताव पर कंपनी की बोर्ड में विचार किया जा सकता है ।

इस पत्र के आधार पर भी कार्यवाही को आगे बढ़ाए जाने का निर्णय लिया गया । यह पत्र इस रेलवे लाइन के निर्माण के लिए संजीवनी व आगे का मार्ग प्रशस्त करेगा ।

इस अवसर पर बरगढ़ व सोहेला से क्रमशः सरदार प्रीतम सिंह , गिरीरेज प्रसाद खडंगा , प्रमोद देवता , शिवचरण दास,  किशोर कुमार रथ,  बलबीर ठाकुर, अनिल प्रधान,  अभिजीत प्रतिहार, सत्यवीर, सत्यजीत प्रधान, प्रदीप देवता, कृष्ण चंद्र पंडा व सरायपाली तथा बसना से अमर बग्गा , अमृत पटेल , तिलक साहू , सौरभ गोयल , अवधेश अग्रवाल , दिलीप गुप्ता , हरजीत सिंह रैना , आनंदराम मदनानी , रघुवीर प्रसाद श्रीवास्तव , कमल अग्रवाल , रवि , भगतराम वाधवा , प्रदीप गुप्ता ,कमल किशोर , देवदर्शन कानूनगो , संदीप अग्रवाल , कमल जस्सी , रतन दास , टेनसिंह खूंटे ,राजेन्द्र चौधरी , सेवाशंकर अग्रवाल के साथ ही अनेक लोग उपस्थित थे ।

अंत मे आभार प्रदर्शन वरिष्ठ पत्रकार श्री दिलीप गुप्ता द्वारा किया गया ।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें