कुत्तों के हमले से बकरी की मौत, शहर में बढ़ रहा है कुत्तों का आतंक
सरायपाली. शहर में विगत माह भर से हर गली में कुत्तों के झुण्ड को घूमते देखा जा सकता है. इससे ने केवल राहगीरों, बच्चों बल्कि छोटे-छोटे जानवरों को भी खतरा बना हुआ है. आज ही कुत्तों के झुण्ड ने शहर के फव्वारा चैक के पास बाड़ी में घूम रहे एक बकरी पर हमला कर दिया और देखते ही देखते उसके शरीर पर कई जगहों पर नोच डाला, जिससे बकरी की मौत हो गई.
सुबह से लेकर रात तक अलग-अलग क्षेत्रों में कुत्तों का झुण्ड घूम रहा है और उन्हें भगाने पर वे हमला भी कर रहे हैं. विगत दिनों तो कुछ लोगों पर भी कुत्तों ने हमला कर दिया था. शासकीय अस्पताल में रैबीज के इंजेक्शन नहीं होने के कारण उन्हें निजी मेडिकलों से इंजेक्शन लेकर इलाज करवाना पड़ा. कुत्तों के झुण्ड के कारण सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. सुबह जब वे निकलते हैं तो अंधेरा भी रहता है. ऐसे समय में कुत्ते अधिक आक्रामक प्रतीत होते हैं. विशेषकर बच्चे तो कुत्तों के डर से अकेले बाहर निकलने में भी अब कतराने लगे हैं.
कुत्तों का बधियाकरण न होने से इसकी संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है. पशु विभाग व नगरपालिका को जल्द ही इस ओर विशेष ध्यान देकर कुत्तों के बधियाकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि इनकी संख्या में बढ़ोत्तरी न हो. विगत वर्ष तो रायपुर से कई आवारा कुत्तों को पकड़कर महासमुंद जिले के सिरपुर जंगल में छोड़ा गया था. यदि यहाँ भी इसी प्रकार की युक्ति अपनाया जाए तो कुत्तों की संख्या में लगाम लगाई जा सकती है.