पेंशन की राशि के लिए साल भर से भटक रहे हैं जंगलबेड़ा के हितग्राही, सचिव के पति संभालते हैं पंचायत का कार्य
सरायपाली. लगभग सालभर से पेंशन की राशि नहीं मिलने के कारण ग्राम जंगलबेड़ा के पेंशनधारी हितग्राही विगत दिनों जनपद पंचायत पहुंचे हुए थे. उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष अपनी बात रखी और पेंशन की राशि नहीं मिलने से हो रही समस्या के बारे में बताते हुए राशि जल्द दिलवाने का आग्रह किया.
विगत दिनों जनपद पंचायत में ग्राम जंगलबेड़ा के लगभग डेढ़ दर्जन पेंशनधारी हितग्राही पेंशन नहीं मिलने के कारण अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने पहुंचे हुए थे. उन्होंने बताया कि किसी को 12 माह, किसी को 15 माह से वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन नहीं मिला है. पूर्व में सचिव के माध्यम से उनको राशि मिलती थी.
जब वे पेंशन की राशि के लिए सरपंच के पास जाते हैं तो उनके द्वारा चेक में हस्ताक्षर कर सचिव को दे दिए जाने की बात कही जाती है और जल्द ही पेंशन की राशि मिलने का आश्वासन दिया जाता है. जबकि सचिव द्वारा राशि को नहीं दिए जाने का भी हितग्राहियों ने आरोप लगाया है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उनके सचिव बबीता प्रधान अधिकांश पंचायत में नहीं रहती हैं और उनके पति श्रीकांत प्रधान ही उनका कार्य देखते हैं. कभी कभार ही वे ग्राम सभा की मीटिंग में पहुंचती हैं. सचिव द्वारा पंचायत नहीं पहुंचने से ग्रामीणों को पेंशन की राशि ही नसीब नहीं हो रहा है, जिसके कारण हितग्राहियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
राशन एवं दैनिक उपयोगी समान भी उन्हें अब उधार में नहीं मिल रहा है. विगत साल भर से वे दुकानदारों से पेंशन की राशि मिलने की बात कहते हुए राशन सामान लेकर आते हैं. लेकिन हर माह के आश्वासन से दुकानदार भी अब राशन देने से मना करने लगे हैं. अब उन्हें अपना गुजारा करने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.
इस संबंध में जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जी डी सोनवानी से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पेंशन शाखा के एसीओ से रिकार्ड को दिखवाता हूं. अगर पेंशन राशि जाने के बाद भी सचिव द्वारा भुगतान नहीं किया गया होगा तो उनपर कानूनी कार्यवाही की जाएगी.