बिलासपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, डॉग बाइट के बढ़ते मामलों... - CG Sandesh

बिलासपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, डॉग बाइट के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता

बिलासपुर : शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर की गलियों और प्रमुख चौराहों पर घूमते कुत्तों के झुंड आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में डर का माहौल है। नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जाने और नसबंदी अभियान चलाने के दावों के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नगर निगम के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। शहर के कई इलाकों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते हैं, जिससे लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

इस मामले में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर एक निजी एजेंसी को आवारा कुत्तों को पकड़ने और नसबंदी का कार्य सौंपा गया है। शिकायत मिलने पर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से टीम को भेजा जाता है, लेकिन कई बार मौके पर पहुंचने तक कुत्ते वहां से हट जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 2,500 से 3,000 कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन किया जा चुका है।

वहीं नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था पारदर्शी नहीं है और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बरसात के मौसम में विशेष अभियान चलाने की मांग की।

इधर, सिम्स अस्पताल में भी डॉग बाइट के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि रोजाना 25 से 30 नए और 70 से 80 फॉलो-अप डॉग बाइट मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। जुलाई माह में यह संख्या और बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुत्ता काटने पर घरेलू उपचार करने के बजाय तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचें, जहां रेबीज वैक्सीन और इम्यूनोग्लोबुलिन के इंजेक्शन निःशुल्क उपलब्ध हैं।

लगातार बढ़ते डॉग बाइट मामलों और शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब शहरवासी समस्या के स्थायी समाधान और प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें