CG : साइबर सहायता शिविर में पीड़ितों को मिली राहत, होल्ड राशि और बैंक खाते से जुड़ी समस्याओं का हुआ समाधान
जांजगीर : साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत पहुंचाने और बैंक खातों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जांजगीर साइबर थाना में विशेष साइबर सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों को साइबर ठगी में होल्ड हुई राशि वापस दिलाने, बैंक अकाउंट अनहोल्ड कराने और मोबाइल गुम होने से संबंधित मामलों में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की गई।
शिविर के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पीड़ितों की शिकायतें सुनीं, लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जानकारी दी। कई लोग साइबर ठगी में फंसी अपनी रकम वापस पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे, वहीं मोबाइल गुम होने के मामलों में भी पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया समझाई।
पुलिस ने लोगों को बैंक अकाउंट अनहोल्ड कराने, होल्ड राशि वापस पाने और ऑनलाइन शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।