तिल्दा-नेवरा : गांव में अवैध शराब बिक्री रोकने के लिए ग्रामीणों की बैठक, महिला कमांडो ग्रुप बनाने का प्रस्ताव
तिल्दा-नेवरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरोरा में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने को लेकर पंचायत भवन में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे युवाओं और बच्चों में नशे की लत बढ़ रही है। शराब के सेवन के बाद असामाजिक तत्व स्कूल परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर शराब की बोतलें फोड़ते हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं ने भी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि शराब के कारण घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि अवैध शराब बेचने वालों और शराब पीकर उत्पात मचाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही गांव में निगरानी के लिए महिला कमांडो ग्रुप गठित करने पर भी सहमति बनी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में अवैध शराब बिक्री पर तत्काल कार्रवाई करने और स्थायी रूप से रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।