गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग, राजनांदगांव में निकली जागरूकता यात्रा
राजनांदगांव : गौ रक्षा, गौ सम्मान और गौ हत्या पर रोक लगाने के साथ ही गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर सोमवार को राजनांदगांव में सैकड़ों गौ भक्तों ने जागरूकता यात्रा निकाली। यात्रा महावीर चौक स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।
यात्रा के दौरान गौ भक्तों ने गौ माता के सम्मान और राष्ट्रमाता घोषित करने के समर्थन में नारे लगाए। अभियान के तहत जिलेभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में करीब साढ़े तीन लाख लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया। इन हस्ताक्षरों को कलेक्टर के माध्यम से शासन को भेजने के लिए ज्ञापन सौंपा गया।
अभियान से जुड़े राधेश्याम गुप्ता ने बताया कि पहले चरण में 27 अप्रैल को तहसील स्तर पर ज्ञापन सौंपे गए थे। दूसरे चरण में जिले के सभी ब्लॉकों से एकत्रित हस्ताक्षरों को जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को मजबूती देना है।