बसना : अंतर्जातीय विवाह पर समाज प्रमुखों ने चलाई समानांतर अद... - CG Sandesh

बसना : अंतर्जातीय विवाह पर समाज प्रमुखों ने चलाई समानांतर अदालत, 1.11 लाख की अवैध वसूली और सामाजिक बहिष्कार पर 4 पदाधिकारियों पर FIR दर्ज

सीडी बघेल, बसना : महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में अंतर्जातीय विवाह करने पर कोलता समाज के पदाधिकारियों द्वारा एक परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने और उन्हें डरा-धमकाकर 1 लाख 11 हजार रुपये की अवैध वसूली करने का बड़ा मामला सामने आया है। पीड़िता अंकिता प्रधान द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच के बाद बसना पुलिस ने समाज के चार प्रमुख पदाधिकारियों भोजराज प्रधान, प्रवीण भोई, धरणीधर साहू और संजय भोई सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। 

शिकायत के अनुसार, पीड़िता द्वारा अपनी मर्जी से अंतर्जातीय विवाह करने के कारण समाज के पदाधिकारी उसके परिवार से दुर्भावना रखने लगे थे। गत 17 मई 2026 को ग्राम बरबसपुर में बुलाई गई सामाजिक बैठक में पीड़िता के माता-पिता और परिजनों को बुलाकर समाज से बाहर निकालने की धमकी दी गई और समाज में रहने देने के एवज में 1,11,000 रुपये का भारी भरकम अवैध दंड लगाया गया।

कार्रवाई के डर से पीड़िता के परिजनों ने 18 मई को ऑनलाइन बैंक ट्रांसफर के माध्यम से 1,11,000 रुपये की राशि ट्रांसफर कर दी। मामले की शिकायत मिलने पर बसना पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पीड़ित पक्ष ने पुलिस को बैठक की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की रसीदें इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सौंपी। 

पूछताछ के दौरान आरोपी पदाधिकारियों ने दावा किया कि यह राशि मंदिर समिति को दिया गया स्वेच्छा दान है, लेकिन पुलिस द्वारा नोटिस जारी कर मंदिर ट्रस्ट की पासबुक, दान रसीद और समाज का प्रस्ताव रजिस्टर मांगने पर वे कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। साक्ष्यों और डिजिटल सबूतों के आधार पर अवैध वसूली और प्रताड़ना का आरोप साबित होने पर पुलिस ने चारों नामजद समाज प्रमुखों व अन्य के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें