महासमुंद : 13 से 18 जुलाई तक जिले में एचपीवी टीकाकरण सप्ताह ... - CG Sandesh

महासमुंद : 13 से 18 जुलाई तक जिले में एचपीवी टीकाकरण सप्ताह आयोजित

जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 2922 पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया गया

राज्य कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में 13 से 18 जुलाई 2026 तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। अभियान में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डाॅ. आई. नागेश्वर राव की अध्यक्षता में ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक बीईइ सहित संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में टीकाकरण अभियान के माइक्रोप्लान, पात्र हितग्राहियों की पहचान, वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन, टीकाकरण सत्रों के संचालन, यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे, आरएमएनसीएच सलाहकार अनुपम मिश्रा एवं हेल्थ एजुकेटर श्री हरिशंकर साहू सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. राव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र बालिका का टीकाकरण छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था में आवश्यक संसाधनों, प्रशिक्षित टीकाकरण दल, वैक्सीन एवं कोल्ड चेन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान एचपीवी टीकाकरण केवल 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को चिन्हांकित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में लगाया जाएगा। प्रत्येक टीकाकरण सत्र मेडिकल ऑफिसर की उपस्थिति एवं निगरानी में आयोजित होगा, जिससे टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित एवं राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सके। 

उन्होंने बताया कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार लंबे समय तक शरीर में बने रहने पर भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसे गंभीर बीमारियों का कारण बनता है, समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस संक्रमण से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है तथा भविष्य में कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान लगाए जाने वाले प्रत्येक टीके का विवरण यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दिया की जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 2,922 पात्र बालिकाओं का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। जिसमें विकासखंडवार सरायपाली में 507, बागबाहरा में 615, बसना में 669, महासमुंद में 552 तथा पिथौरा में 579 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निर्धारित तिथि पर चिन्हांकित स्वास्थ्य संस्थानों में लेकर आएं तथा निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर सहित एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव का एक प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें