बसना के युवक ने कलेक्टर कार्यालय के सामने धरने का लिया निर्णय, अधिकारियों पर लगाये गंभीर आरोप
महासमुंद कलेक्ट्रेट के बाहर बसना निवासी अविनाश बाघ ने आज यानी 9 जुलाई से धरने पर बैठने का निर्णय लिया है. अविनाश ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कथित भू-माफियाओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये हैं.अविनाश ने 8 जुलाई को पुलिस अधीक्षक महासमुंद को धरने की लिखित सूचना दे दी है.
अविनाश बाघ का कहना है कि उनकी भूमि खसरा क्रमांक 328/2क का सीमांकन 15 जुलाई 2025 को राजस्व दल द्वारा किया गया था, जिसमें कथित भू-माफियाओं द्वारा किए गए अवैध पक्के निर्माण और अतिक्रमण का पता चला था.
अविनाश का आरोप है कि राजस्व निरीक्षक और पटवारी ने साठगाँठ कर मूल पंचनामा रिपोर्ट को गायब कर दिया. अविनाश ने बताया कि उन्होंने इस मामले में कलेक्टर जनदर्शन में 7 बार शिकायत की है. इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में भी गुहार लगाई. लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई.
अविनाश ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को उन्होंने तहसीलदार बसना को अंतिम वैधानिक सुचना देकर न्याय की मांग की.
अविनाश बाघ ने 9 जुलाई 2026 से महासमुंद जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने अकेले शांतिपूर्ण धरने पर बैठने का निर्णय लिया है.