बसना : अंतर्राज्यीय जांच चौकी परसापाली में 4.56 करोड़ की गां... - CG Sandesh

बसना : अंतर्राज्यीय जांच चौकी परसापाली में 4.56 करोड़ की गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड यूपी से गिरफ्तार

महासमुंद पुलिस ने उड़ीसा से उत्तरप्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय नेटवर्क का किया पर्दाफाश

बसना थाना अंतर्गत अंतर्राज्यीय जांच चौकी परसापाली में पकड़े गए गांजा तस्करी प्रकरण में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 4 करोड़ 56 लाख रुपये मूल्य के गांजा तस्करी नेटवर्क के कथित मुख्य सरगना को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। 

पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई के साथ पूरे सिंडिकेट की मुख्य कड़ी तक पहुंच बनाते हुए नेटवर्क को प्रभावी रूप से ध्वस्त किया गया है। पुलिस के अनुसार थाना बसना में दर्ज नारकोटिक्स एक्ट की विवेचना के दौरान उत्तरप्रदेश के कुलमाली शामली निवासी विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी पिता संतोष शर्मा उम्र 50 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित रूप से शराब कारोबार की आड़ में अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी नेटवर्क संचालित कर रहा था। 

पुलिस के अनुसार आरोपी आंध्रप्रदेश में 10 से अधिक शराब ठेकों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को थाना बसना पुलिस ने अंतर्राज्यीय जांच चौकी परसापाली पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन एपी 39 टीटी 4556 को रोका था। 

जांच में वाहन में लोड कच्चे केले की खेप के नीचे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक बोरियों से कुल 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने वाहन से चार फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की थीं। 

प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह खेप ओडिशा के कंधमाल जिले से उत्तरप्रदेश के शामली भेजी जा रही थी। मामले की तकनीकी विवेचना के दौरान मोबाइल डेटा, व्हाट्सएप गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस कथित मुख्य रिसीवर एवं फाइनेंसर तक पहुंचने में सफल रही। 

महासमुंद पुलिस की विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तरप्रदेश भेजी गई, जहां शामली के झिंझाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद आरोपी को महासमुंद लाया जा रहा है। 

पुलिस के अनुसार इस मामले में इससे पहले वाहन चालक अब्दुल नईम निवासी झारखंड, मुख्य बिचौलिया राम कुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर तथा कथित सप्लायर रमाकांत बेहरा और बबलू नायक निवासी ओड़िसा को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जा चुका है। 

महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में वर्ष 2026 के दौरान दर्ज नारकोटिक्स एक्ट की मामलों में केवल जब्ती तक सीमित न रहकर सोर्स से डेस्टिनेशन रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसके तहत सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और नेटवर्क संचालकों तक पहुंचकर कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना बसना में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी), 29 तथा बीएनएस की धारा 336 (2), 338, 340 तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में जुटी है।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


author

गौरीशंकर मानिकपुरी

गौरीशंकर मानिकपुरी स्नातक की पढ़ाई के बाद, मीडिया के क्षेत्र में आज उन्हें क्षेत्रीय और जमीनी पत्रकारिता का 7 वर्षों का लंबा और गहरा अनुभव है। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से सटीक 'आंचलिक खबरें' निकालना और आम जनता के हक की आवाज़ को बेबाकी से उठाना उनकी मुख्य विशेषता है। निष्पक्ष और खोजी रिपोर्टिंग के जरिए वे लगातार पाठकों तक ग्राउंड ज़ीरो का सच पहुंचा रहे हैं। संपर्क: +91 7746859354
अन्य सम्बंधित खबरें