बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिजेरियन प्रसव सुविधा प्... - CG Sandesh

बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सिजेरियन प्रसव सुविधा प्रारंभ, क्षेत्र की माताओं को मिली बड़ी सौगात

जिले के बसना अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बसना में सिजेरियन प्रसव सुविधा की सफल शुरुआत की गई है। यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की गर्भवती महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी होगी। अब जटिल एवं आपातकालीन प्रसव की स्थिति में मरीजों को महासमुंद, रायपुर या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

यह उपलब्धि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से संभव हो सकी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन एवं विभाग की सतत निगरानी में इस सुविधा का प्रारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की गईं।

सिजेरियन प्रसव के अंतर्गत ग्राम भूकेल निवासी गंगा पटेल (आयु 27 वर्ष), पति रविन्द्र पटेल का सुरक्षित प्रसव 20 मार्च को दोपहर 2:08 बजे कराया गया। नवजात शिशु का वजन 3.410 किलोग्राम है। वर्तमान में माता एवं शिशु दोनों स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकों की सतत निगरानी में हैं।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि बसना में सिजेरियन प्रसव सुविधा की शुरुआत क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इससे ग्रामीण महिलाओं को समय पर सुरक्षित उपचार उपलब्ध होगा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का सतत प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक सुलभ हों।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने कहा कि इस सुविधा के प्रारंभ होने से जिले की मातृ स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। अब जटिल प्रसव मामलों में त्वरित उपचार संभव होगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थियेटर, आवश्यक उपकरण, प्रशिक्षित चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके परिणामस्वरूप सिजेरियन प्रसव सेवा का सफलतापूर्वक संचालन प्रारंभ हो सका। इस दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू घृतलहरे, डॉ. ज्योति साहू, डॉ. छत्रपाल चंद्राकर एवं आरएमएनसीएचए सलाहकार संदीप चंद्राकर द्वारा सतत मॉनिटरिंग की गई। 

इस उपलब्धि में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिलाषा गौतम, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दयानंद होता, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. राहुल कश्यप (अग्रवाल नर्सिंग होम, बसना), नर्सिंग स्टाफ रैना रागनी एवं आकांक्षा इक्का तथा विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री डोलचंद नायक का विशेष योगदान रहा। टीम के समन्वित प्रयासों से प्रथम सिजेरियन प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें