अंचल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नवाखाई का पर्व, पतेरापाली में 153 सदस्यों ने सामूहिक रूप से मनाया नवाखाई
सरायपाली. अंचल में नवाखाई का पर्व आज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस बार नए धान के लिए लोगों को अधिक परेशानी उठानी नहीं पड़ी. त्यौहार मनाने वालों के लिए बाजार में ही नया धान विगत कुछ दिनों से उपलब्ध हो गया था. वर्ष भर में भाद्र पंचमी को मनाया जाने वाला नवाखाई का त्यौहार फुलझर अंचल में खासा महत्व रखता है. बाहर में रहने वाले नौकरी पेशा लोग भी इस त्यौहार पर अपने घर अवश्य पहुंचते हैं.
इसके अलावा पर्व में लोग अपने-अपने घरों के ईष्टदेव की पूजा पाठ भी विशेष तौर पर करते हैं. नए चावल के प्रसाद के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर सपरिवार त्यौहार का आनंद लिया जाता है. त्यौहार का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि लोग अपने सभी बड़ों को प्रणाम करके उनसे आशीर्वाद भी प्राप्त करते हैं. पतेरापाली वार्ड में विगत वर्षों की तरह इस बार 15वें वर्ष भी प्रधान परिवार द्वारा धूमधाम से नवाखाई का त्यौहार मनाया गया. इस बार परिवार के वरिष्ठ पंचम प्रधान के निवास पर परिवार के 153 सदस्यों ने मिलकर सामूहिक नवाखाई का त्यौहार मनाया. त्यौहार का असर आज नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखा गया. अंचल के अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे.पतेरापाली के प्रधान परिवार से मिली जानकारी अनुसार उनका सामूहिक रूप से नवाखाई पर्व मनाने का यह पंद्रहवां वर्ष है. काफी बड़ा परिवार होने के कारण कुछ दिन पहले से ही इसके लिए तैयारी शुरू कर दी जाती है. विगत वर्ष भी परिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य पंचम प्रधान के निवास पर सामूहिक रूप से नवाखाई पर्व मनाया गया था तथा इस वर्ष भी वहीं मनाने का निर्णय लिया गया था.परिवार के 153 सदस्य सुबह से ही पंचम प्रधान के घर पर एकत्रित हो गए थे. विधि विधान के अनुसार देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर नए चावल का प्रसाद बनाकर सभी ने प्रसाद ग्रहण किया.
इसके पश्चात सभी ने अपने बड़ों का आशीर्वाद लिया और परिवार के बडे“ सदस्यों ने भी अपनी शुभकामनाएं दी. तत्पश्चात परिवार के वरिष्ठ सदस्य लालमन प्रधान, ऋषिकेश प्रधान, बृहस्पति प्रधान, घांसीराम प्रधान, सुभाष प्रधान,रमेश प्रधान व स्वयं पंचम प्रधान के द्वारा परिवार के सभी सदस्यों को इसी तरह सौहार्द्र एवं प्रेम बनाए रखने के लिए आभार प्रकट किया गया एवं भविष्य में भी इसी तरह परिवार की एकता बनाए रखने की बात कही. भोजन के पश्चात परिवार के सभी सदस्य वार्ड के मुख्य गली, खर्रापारा, आमापारा सहित पूरे वार्ड में रैली के माध्यम से भ्रमण करते हुए लोगों ने मिलने निकले एवं वार्ड वासियों को नवाखाई पर्व की बधाई दी.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमृत पटेल भी इस दौरान सभी को नवाखाई पर्व की बधाई देने के लिए पहुँचे हुए थे. गौरतलब है कि विगत कई वर्षों से यहां का सामूहिक नवाखाई का त्यौहार सरायपाली विकासखण्ड में एक आदर्श प्रस्तुत कर रहा है. जिसकी सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है.